अक्टूबर 28, 2026
Nahda Network
ताज़ा खबरें

जमुई में नाबालिग छात्र-छात्रा से बदसलूकी पर राहुल गांधी ने उठाए सवाल

اپوزیشن رہنما راہل گاندھی
اپوزیشن رہنما راہل گاندھی

पटना/जमुई,: बिहार के जमुई जिले में 19 सितंबर की शाम 10वीं कक्षा के एक छात्र और छात्रा को कथित तौर पर रास्ते में रोककर उनके साथ मारपीट, अभद्रता और उत्पीड़न किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया है। घटना के सामने आने के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

वायरल वीडियो में नाबालिग छात्र-छात्रा को कुछ लोगों द्वारा रोकते और उनके साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार करते हुए देखा जा सकता है। रिपोर्टों के अनुसार, छात्रा आरोपियों से उन्हें जाने देने की गुहार लगाती दिखाई देती है। पुलिस के मुताबिक, दोनों छात्र-छात्राएं कोचिंग से लौट रहे थे, तभी उन्हें रास्ते में रोका गया।

मामले पर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच X पर प्रतिक्रिया देते हुए घटना को बेहद परेशान करने वाला बताया। उन्होंने आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ POCSO कानून के तहत कार्रवाई की मांग की और बिहार सरकार से सवाल किया कि शाम के समय राज्य की सड़कों पर लड़कियों की सुरक्षा सुनिश्चित क्यों नहीं हो पा रही है।

राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में इस तरह की मानसिकता को “संस्कृति नहीं, पितृसत्ता” बताया और कहा कि किसी लड़की के शरीर, उसकी आवाजाही या उसकी पसंद पर किसी अन्य व्यक्ति को नियंत्रण का अधिकार नहीं है। उन्होंने घटना में शामिल सभी लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ जल्द कार्रवाई की मांग की।

इस बीच,जमुई पुलिस की ओर से एक्स पर जारी बयान में कहा गया है कि जमुई जिले के अंतर्गत एक नाबालिक छात्रा और उसके मित्र के साथ छेड़खानी एवं अभद्र व्यवहार करने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है इस अत्यंत संवेदनशील मामले को संज्ञान में लेते हुए जमुई पुलिस द्वारा त्वरित कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई इस संबंध में जमुई थाना कांड संख्या 428/26 दिनांक 21-9- 2026 धारा 74/76/ 3(5 )बी0एन0एस एवं 08/12 पोक्सो एक्ट के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक महोदय जमुई श्री विश्वजीत दयाल के अनुसार अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुश्री दीप्ती मोनाली के नेतृत्व में एक विशेष एसआईटी टीम गठित कर छापेमारी की जा रही है।

पुलिस के अनुसार मामले में सम्मिलित ओरोपियों की पहचान कर ली गई है,जबकि 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।

घटना ने जहां नाबालिगों की सुरक्षा, सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं और लड़कियों की सुरक्षा तथा कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए हैं। वहीं पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

What do you think?